यातायात माह: महराजगंज में सड़क सुरक्षा के लिए पुलिस द्वारा की गयी कड़ी कार्रवाई

मुख्य संपादक - ओंकार नाथ वर्मा 

UP Samachar Plus 

महराजगंज, 18 नवंबर।  यातायात माह नवम्बर 2024 के तहत पुलिस अधीक्षक महराजगंज के दिशा-निर्देशों पर आज एक विशेष अभियान चलाया गया। यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने के उद्देश्य से किया गया।

अधिकारिक जानकारी के अनुसार, आज कस्बा परतावल में महराजगंज-गोरखपुर रोड पर स्थित स्कूलों में चलने वाली बसों की फिटनेस, बीमा, ड्राइविंग लाइसेंस और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच की गई। कई बसों में सुरक्षा मानकों का उल्लंघन पाया गया। दोषी पाए गए वाहनों के चालान किए गए, जबकि बसों में गैस किट और फर्स्ट एड बॉक्स की भी जांच की गई। वाहन चालकों को निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने की सख्त हिदायत दी गई और उन्हें उचित सुरक्षा उपकरण रखने के लिए भी निर्देशित किया गया। इस अभियान के दौरान 20 वाहनों का चालान करते हुए 40,000 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

इसके अतिरिक्त, थाना कोतवाली अंतर्गत पकड़ी चौकी क्षेत्र में शराब पीकर वाहन चलाने के खिलाफ एक विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। पुलिस ने 56 वाहनों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की, जिसमें 12 वाहन चालकों की शराब पीने की पुष्टि हुई। सभी दोषी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने बताया कि इस तरह के अभियान लगातार चलाए जाएंगे ताकि सड़क सुरक्षा को सुनिश्चित किया जा सके और यातायात नियमों के उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई की जा सके। यह विशेष कार्रवाई यातायात प्रभारी अरुणेन्द्र प्रताप सिंह के यातायात टीम द्वारा किया गया।


Contact Us - +91-9453529007

Email ID - upsamacharplus@gmail.com